
पिछले तीन साल से बसंत कोरबा के दुरपा सर्वमंगला बरमपुर में किराए के मकान में रह रहा था और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संजय फैक्ट्री में काम करता था। दोस्त राकेश पटेल ने बताया कि बसंत शुक्रवार सुबह 8 बजे फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा।
शनिवार सुबह फोन पर बसंत की हत्या की जानकारी मिली। बसंत शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। वह दो दिन पहले ही अपने छोटे भाई की शादी से गांव से कोरबा लौटा था। उसकी पत्नी और बच्चे अभी गांव में ही हैं। बसंत की पत्नी बरमपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। पुलिस बोली- CCTV खंगाले जा रहे
सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। शुरुआती जांच में यह धारदार हथियार से हत्या कर शव फेंकने का मामला लग रहा है। घटनास्थल पर घसीटने के निशान भी मिले हैं।
मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस फैक्ट्री कर्मचारियों और बसंत के दोस्तों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के कारणों का पता चल सके।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।