
गश्त के दौरान पकड़े गए दो लोग
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को शाम करीब 6 बजे वन परिक्षेत्र इंदागांव के धुपकोट परिसर में नियमित गश्त की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम सुकलीभांटा के पास धुपकोट निवासी रंचन उर्फ पूरून यादव और चरण उर्फ भागीरथी यादव मोटरसाइकिल क्रमांक CG 23 N 0208 पर दो नग सागौन चिरान लादकर ले जाते हुए मिले।
वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर जब्ती
गश्ती दल ने मोटरसाइकिल को रोककर सागौन चिरान के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। लेकिन दोनों व्यक्ति मौके पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद वन विभाग की टीम ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की।
वन विभाग की टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में सहायक परिक्षेत्र अधिकारी देवभोग श्री दिनेश चन्द्र पात्र के साथ वन रक्षक धुपकोट श्री पुरुषोत्तम ध्रुवा, वन रक्षक घुमरगुड़ा श्री लम्बोदर सोरी, वानिकी चौकीदार श्री भोलाराम यदू, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी श्री रुद्रास नागेश और श्री परमेश्वर नागेश शामिल रहे।
जब्त लकड़ी और बाइक कार्यालय लाए गए
कार्रवाई के बाद जब्त किए गए दो नग सागौन चिरान और मोटरसाइकिल को वन परिक्षेत्र कार्यालय देवभोग लाया गया। मामले में वन विभाग द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में वन संपदा की सुरक्षा और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए गश्त जारी है।