
मैनपुर नगर में सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष भी विजय दशमी के पावन अवसर पर भव्य तैयारियां की गई हैं। समिति की ओर से नगर में एक विशाल रावण के पुतले का निर्माण किया गया है। रावण का पुतला का निर्माण गुमान पटेल एवं साथियों द्वारा किया जा रहा है जिसका दहन कल शाम को आकर्षक और रंग-बिरंगी आतिशबाजी के साथ किया जाएगा। इस दौरान नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं व दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।
मैनपुर नगर के साथ-साथ पूरे ग्रामीण अंचल में भी विजय दशमी का पर्व परम्परागत तरीके से मनाया जाएगा। इस अवसर पर कई गांवों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान, मेलों और रामलीला के मंचन का आयोजन किया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण राममय और भक्तिमय हो गया है। पर्व को शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन और समितियों द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।