
मामला बारियों पुलिस चौकी क्षेत्र का है। घटना 3-4 दिन पुरानी है, जिसकी जानकारी बुधवार (28 जनवरी) को दोपहर लगभग ढाई बजे थाने में दी गई। पुलिस ने एक ही परिवार के 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में आगे जांच जारी है।
किसी बात को लेकर हुआ था विवाद
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक युवक को पकड़कर बेरहमी से पीटा जा रहा है। पीड़ित युवक की पहचान विजय सिंह के रूप में हुई है, जो एक ट्रैक्टर पार्ट्स दुकान में मिस्त्री का काम करता है।
घटना के दिन वह एक ट्रैक्टर की मरम्मत के लिए मौके पर गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। विवाद बढ़ने पर एक व्यक्ति ने पीछे से विजय सिंह का हाथ पकड़ लिया, और दो अन्य लोगों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
घटना के समय मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हुआ है।
एक ही परिवार के 4 के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर रुकनाथ रवि, रवि रवि, राकेश रवि और पप्पू रवि नामक एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ धारा 296, 351(2), 115(2)(3)(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों और क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और वे सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले डीजल चोरी के एक मामले में भी मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें केवल कमजोर तबके के लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गए और अग्रिम जमानत लेने में सफल रहे।
इसे लेकर आम नागरिकों में बारियों पुलिस की कार्यशैली के प्रति गहरा असंतोष व्याप्त है।