नशे में 120 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा किसान,अरेस्ट

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में धान का टोकन नहीं मिलने पर परेशान किसान शराब के नशे में 120 फीट ऊंचे हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। ग्राम कसौंदी में किसान अनिल गढ़वाल (35 साल) करीब 3 घंटे तक वहीं चढ़ कर बैठा रहा। इस दौरान वह कभी झूलते नजर आया तो कभी पोल पकड़कर नीचे उतरते नजर आया।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें किसान ने कहते हुए नजर आ रहा है कि जब तक बचे हुए धान की बिक्री नहीं होगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा।

किसान ने बताया कि धान खरीदी का आखिरी दिन है और 150 बोरा धान वह नहीं बेच पाया, उस पर डेढ़ लाख का कर्ज भी है। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। बाद में किसी तरह समझाकर उसे नीचे उतारा गया, जिसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले गई।

धान नहीं बिका तो मानसिक रूप से परेशान था

जानकारी के मुताबिक, ग्राम कसौंदी निवासी किसान अनिल गढ़वाल (35 साल) के पास करीब 2.77 एकड़ कृषि भूमि है। जिसमें वह धान की खेती करता है।

अनिल का कहना है कि इस खरीफ सीजन में वो गोद धान मंडी में एक बार में 29 क्विंटल धान बेच चुका है, लेकिन उतनी ही मात्रा में 29 क्विंटल यानि करीब 150 बोरा धान अब तक नहीं बिका है। बार-बार प्रयास के बावजूद जब उसका टोकन नहीं कटा, तो वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया।

नशा करके 120 फीट ऊंचे हाई टेंशन टावर पर चढ़ा

शनिवार (31 जनवरी) सुबह करीब 9 बजे गुस्से में उसने खूब शराब पी फिर घर से निकलकर सीधे गांव के पास लगे 120 फीट ऊंचे हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया।

किसान की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर जमा हो गए। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

किसान ने दी चेतावनी

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, तहसीलदार राजकुमार मरावी भी प्रशासनिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार किसान को समझाने-बुझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन किसान टावर से उतरने को तैयार नहीं था।

टावर के ऊपर से नशे में किसान अनिल ने साफ कहा कि ‘जब तक मेरा बचा हुआ धान नहीं बिकेगा, मैं नीचे नहीं उतरूंगा।’

चेतावनी से बढ़ी पुलिस-प्रशासन की टेंशन

इधर, किसान की चेतावनी के बाद पुलिस-प्रशासन की टीम टेंशन में आ गई। उन्होंने हालात को देखते हुए नगर सेना (होमगार्ड) की टीम को भी बुलाया लिया। रेस्क्यू के लिए जवान सुरक्षा जाली लेकर पहुंचे और टावर के नीचे जाली बिछा दी गई, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।

Exit mobile version