
दरअसल, मंगलवार सुबह जूटमिल पुलिस को सूचना मिली कि, जोरापाली चौक के पास हाईवे से नीचे एक स्कॉर्पियो वाहन पलटा हुआ है। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लगी थी। पुलिस टीम जब पहुंची तो वाहन में कोई मौजूद नहीं था।
प्राथमिक जांच में गाड़ी के भीतर डीजल रखने वाले खाली जरीकैन (डिब्बे) मिले। जिससे आशंका जताई जा रही है कि, वाहन का इस्तेमाल डीजल चोरी में किया जा रहा था।
दूसरे जिले की नंबर प्लेट
पुलिस को वाहन पर दूसरे जिले की नंबर प्लेट लगी मिली है। इससे शक और गहरा गया है कि वाहन का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों में किया जा रहा था या नंबर प्लेट बदलकर चलाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस नंबर और चेसिस डिटेल के आधार पर असली वाहन मालिक की पहचान करने में जुटी है।
इलाके में डीजल चोरी की शिकायतें
स्थानीय लोगों का कहना है कि, छाल और धरमजयगढ़ क्षेत्र में लंबे समय से डीजल चोरी की घटनाएं हो रही हैं। रात के समय ढाबों और सड़कों किनारे खड़ी ट्रकों से डीजल निकाल लिया जाता है। कुछ दिन पहले बायसी क्षेत्र के एक ढाबा संचालक का वीडियो भी सामने आया था। जिसमें वह कथित डीजल चोरों से चोरी बंद करने की अपील करता नजर आया था।
पुलिस जांच जारी
इस मामले में जूटमिल थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने बताया कि, शुरुआती जांच में वाहन का संबंध डीजल चोरी से होने की आशंका है। वाहन को जब्त कर थाना लाया गया है और आगे की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और वाहन मालिक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।