छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में राजिम कुंभ कल्प मेले का आयोजन हो रहा

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में राजिम कुंभ कल्प मेले का आयोजन हो रहा है। मेले में अव्यवस्थाओं को देख राजिम से भाजपा विधायक रोहित साहू अधिकारियों पर भड़क गए। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए अफसर को जमकर फटकार लगाई। विधायक ने कहा कि, सरकार की इमेज की धनिया बो रहे हैं। बेइज्जती हो रही है। इस दौरान अफसर अगल-बगल झांकते रहे।

दरअसल, यह पूरा मामला राजिम कुंभ में परफॉर्म करने आए कलाकारों के खाने और पीने के पानी की व्यवस्था से जुड़ा था। विधायक ने आयोजन में लापरवाही को गंभीर मानते हुए जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी को सख्त चेतावनी दी। विधायक ने कहा कि, अधिकारी हों या इवेंट कंपनी, सरकार की छवि धूमिल करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

दरअसल, 7 फरवरी को पत्रकारों और आम नागरिकों ने इवेंट कंपनी पर मनमानी, अनावश्यक रोक-टोक और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए थे। इन शिकायतों को लेकर विधायक रोहित साहू से मुलाकात की गई थी। जिसके बाद उन्होंने तत्काल जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए थे।

इसके बावजूद अगले ही दिन 8 फरवरी को अव्यवस्था का एक और गंभीर मामला सामने आया। मुख्यमंच पर प्रस्तुति देने आए कलाकारों को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक बैठाए रखा गया। उन्हें भोजन तक उपलब्ध नहीं कराया गया। कलाकारों के साथ हुए इस दुर्व्यवहार की जानकारी मिलते ही विधायक रोहित साहू तुरंत मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों और इवेंट कंपनी को फटकार

विधायक ने मौके पर पहुंचकर जिला प्रशासन के अधिकारियों और इवेंट कंपनी के प्रतिनिधियों से जवाब तलब किया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वे नाराज हो गए और सभी को कड़ी फटकार लगाई।

विधायक ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प मेला आस्था, संस्कृति और प्रदेश की पहचान से जुड़ा आयोजन है। इसकी गरिमा से कोई भी खिलवाड़ नहीं कर सकता। श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कलाकारों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

कलाकारों को खुद ले जाकर कराया भोजन

इसके बाद विधायक रोहित साहू सभी कलाकारों को अपने साथ एक निजी रेस्टोरेंट ले गए और उन्हें भोजन कराया। उन्होंने कहा कि कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि है। इस तरह की लापरवाही दोबारा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version