
जानकारी के मुताबिक, सोमवार (9 जनवरी) को पत्नी-बेटियां जमीन का हिस्सा लेने गांव आई थी। रात 2 बजे विवाद होने पर पिता ने बड़ी बेटी को अपशब्द कहा जिसके बाद विवाद हो गया। गुस्से में उसने हसिया से पिता का गला काट दिया। मामला हरदी बाजार थाना क्षेत्र का है। मर्डर की आरोपी गीता केवट (27) पर एक शिक्षाकर्मी के निजी वीडियो यूट्यूब पर डालने का आरोप भी लगा है।
पत्नी और 3 बेटियां अलग रहती थी
मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक कुमार केवट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अशोक की पत्नी और तीन बेटियां पिछले 8 सालों से कोरबा के आदिले चौक में अलग रहती थीं। उनकी दो बेटियां निजी कंपनी में काम करती हैं, जबकि एक पढ़ाई कर रही है।
9 फरवरी को अशोक की पत्नी और तीनों बेटियां जमीन के मुआवजे का पैसे लेने गांव आई थीं और वहीं रुकी हुई थीं। रात 2 बजे अशोक का अपनी बड़ी बेटी गीता केवट (27) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान पिता ने बेटी को अपशब्द कह दिया।
मृतका बोली- पिता को मार दिया
अपशब्द सुनते ही विवाद इतना बढ़ गया कि गीता ने घर में रखी हसिया से अपने पिता का गला काट दिया। हत्या करने के बाद गीता खुद घर से बाहर निकली और अपने रिश्तेदारों को बताया कि उसने अपने पिता की हत्या कर दी है।
खून से लतपथ पड़ा था शव
मृतक अशोक केवट के भाई संतोष कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गीता के बताने पर जब वे घर के अंदर गए, तो अशोक खून से लथपथ मृत पड़े थे।
पुलिस के अनुसार, मृतक अशोक केवट आदतन शराबी था। उसकी हरकतों से परेशान होकर ही पत्नी और बच्चे कोरबा में अलग रहते थे। अशोक अपनी पत्नी और बेटियों के चरित्र पर भी सवाल उठाता था, जिससे वे काफी परेशान थीं। यह भी हत्या का एक संभावित कारण बताया जा रहा है।
हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।