
पुलिस ने आजाद चौक इलाके में घेराबंदी कर आरोपियों को हथियार सहित दबोच लिया है। इस कार्रवाई में अपहृत युवकों को सकुशल मुक्त करा लिया गया। रायपुर कमिश्नरेट के अधिकारी इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है।
आजाद चौक पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, किडनैपर और पीड़िताें के बीच 2 लाख रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद था। आरोपियों ने चार दिन पहले पीड़ित को पैसे देने के नाम पर आजाद चौक इलाके में बुलाया। बातचीत के बाद विवाद हुआ तो आरोपियों ने दोनों युवकों से मारपीट की और कट्टे की नोक पर दोनों को बंधक बना लिया।
इसके बाद जबरन जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए। इसके अलावा नगद राशि, बैंक दस्तावेज, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी लूट ली गई।
आरोपियों ने पीड़ितों से मारपीट का बनाया वीडियो
पीड़ितों को बंधक बनाने के बाद आरोपियों ने मारपीट का वीडियो बनाया और परिजनों को भेजकर पैसों की मांग की। वीडियो मिलने पर परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी, तो पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी करके आरोपियों को आजाद चौक इलाके करबला तालाब के पास से पकड़ा। पीड़ित को आरोपियों से छुड़ा लिया और आगे की कार्रवाई कर रही है।
आरोपियों को हथियार देने वालों की तलाश
पुलिस ने दबिश देकर वारदात को अंजाम देने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कामरान अब्बास, नवीन उर्फ नन्नू ढीमर, लक्की निषाद उर्फ छोटा चिकन, राकेश धीवर, अनिल धीवर और हरिओम सोनकर शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 3,500 रुपए नगद, 2 पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए।