
जानकारी के मुताबिक, संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम को 1 मार्च की शाम सूरजपुर के तिलसिवां ग्राउंड में नशे के सौदागरों की तरफ से नशीले टैबलेट की सप्लाई करने की सूचना मिली थी। सूचना पर आबकारी संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी रंजीत गुप्ता की टीम तिलसिवां पहुंची।
टीम ने तिलसिवां ग्राउंड के पास अभिषेक साहू की निशान मैग्नाइट कार क्रमांक सीजी 29 एजी 1098 को रोका। पूछताछ में अभिषेक साहू ने बताया कि, वह कलेक्टोरेट सूरजपुर का चपरासी है। वर्तमान में विश्रामपुर तहसील कार्यालय में पदस्थ है।
कार में रखा मिला नशीला टैबलेट, युवक गिरफ्तार
आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने अभिषेक साहू के कार की तलाशी ली तो कार के डैश बोर्ड में एक काले रंग के बैग में 560 नग एप्राजॉलेम और 48 नग प्रोक्सीवॉन प्लस टैबलेट बरामद हुए। पूछताछ में अभिषेक साहू बड़ी मात्रा में नशीले टैबलेट रखने का दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि, जब्त नशीले टैबलेट प्रतिबंधित हैं। इनके परिवहन और बिना डॉक्टर की पर्ची के बेचने पर मनाही है। इसका उपयोग नशे के लिए किया जाता है।
आबकारी टीम ने अभिषेक साहू निवासी गोविंदपुर को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 22C के तहत कार्रवाई कर सोमवार को उसे सूरजपुर कोर्ट में पेश कर दिया गया है।