गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक बेटे ने अपनी 65 वर्षीय मां की गला घोंटकर हत्या कर दी

Chhattisgarh Crimesगौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक बेटे ने अपनी 65 वर्षीय मां की गला घोंटकर हत्या कर दी। यह घटना होली के जश्न के बीच हुई। आरोपी बेटे ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पैसे और पैतृक जमीन के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया। यह मामला मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटरा के धनुहारीटोला की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका फूलमतिया बाई धनुहार के बैंक खाते में हाल ही में प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त आई थी। आरोपी बेटा दलबीर सिंह यह राशि अपने शौक पूरे करने के लिए मांग रहा था। वह पैतृक जमीन में भी अधिक हिस्सेदारी के लिए लगातार दबाव बना रहा था।

मां ने पैसे देने से किया इनकार

फूलमतिया ने साफ मना कर दिया था कि वह आवास के लिए पैसा नहीं देगी। उसने कहा था कि जमीन सभी वारिसों में बराबर-बराबर बांटी जाएगी। इसी बात को लेकर उसका बेटा काफी समय से अपनी मां से नाराज़ और रंजिश रखे हुए था।

होली के दिन विवाद के बाद मां का गला घोंटा

होली की शाम इसी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत दलबीर सिंह का अपनी मां से झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी मां का गला घोंट दिया, जिससे बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी दलबीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version