
पकड़े गए आरोपियों के नाम जांजगीर-चांपा की कमलेश्वरी साहू और अभनपुर के मेषराम साहू हैं। यह मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।पुलिस आरोपियों से इलाके में हुई अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से कुछ और खुलासे हो सकते हैं।
अब पढ़ें क्या है पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी 12 मार्च को मां दुर्गा ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर गए थे। गहने पसंद करने के दौरान महिला ने बड़ी चालाकी से सोने का रानी हार, चांद वाली, अंगूठी और चांदी की पायल-बिछिया खुद ही पहन ली।
कुछ देर बाद उसने दुकानदार से कहा कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह उसे देखने बाहर जा रही है। महिला जेवर पहने हुए ही दुकान से रफूचक्कर हो गई।
दुकानदार ने महिला के साथ आए युवक को पकड़ा
जब काफी देर तक महिला नहीं लौटी, तो दुकानदारों को शक हुआ। उन्होंने साथ आए युवक मेषराम को पकड़ लिया, जो भागने की फिराक में था। सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और दुर्ग पुलिस से संपर्क साधा।
तकनीकी लोकेशन के आधार पर पुलिस ने फरार महिला को दुर्ग में धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के सभी जेवर और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से महिला हुई गिरफ्तार
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया, कि सराफा कारोबारी की शिकायत के बाद आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सीसीटीवी फुटेज की मदद से महिला को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से गहने बरामद कर लिए हैं। आरोपियों पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।