रायपुर में कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ पैदल मार्च किया, कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर में कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ पैदल मार्च किया, कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस का आरोप है कि, सिलेंडर खुलेआम 3 से 4 हजार रुपए में ब्लैक में बेचे जा रहे हैं।

प्रदर्शन अंबेडकर चौक से शुरू हुआ, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे और केंद्र-राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सभी कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट पहुंचकर कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। गैस की कमी और कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की।

“गैस के लिए भटक रही जनता”

शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि, महंगाई से आम लोग पहले ही परेशान हैं, ऊपर से गैस सिलेंडर की किल्लत ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सिलेंडर खुलेआम 3 से 4 हजार रुपए में ब्लैक में बेचे जा रहे हैं, जबकि एजेंसियों में बड़ी संख्या में उपभोक्ता वेटिंग में हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार पर्याप्त स्टॉक होने का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी स्थिति इसके विपरीत है। लोग रसोई चलाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं।

त्योहारों में भी परेशानी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नवरात्रि और ईद जैसे त्योहारों के समय भी लोगों को गैस के लिए परेशान होना पड़ रहा है। कई लोग मजबूरी में महंगे दामों पर सिलेंडर खरीद रहे हैं।

नेताओं पर साधा निशाना

मेनन ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि, ये लोग चुनाव के समय तो नजर आते हैं, लेकिन जनता की समस्या के समय गायब हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि मजदूर से लेकर व्यापारी तक हर वर्ग इस समस्या से जूझ रहा है। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

Exit mobile version