
यह घटना मरवाही के आईटीआई के पास स्थित पति के घर पर हुई। पहली पत्नी को जब अपने पति द्वारा दूसरी महिला को घर में रखने की जानकारी मिली, तो वह अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ वहां पहुंची। उसने दूसरी पत्नी को घर से बाहर निकालने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई।
पहली पत्नी की शिकायत
मरवाही पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कुल 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पहली पत्नी कमला लहरे ने अपने पति राजकुमार लहरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कराया है।
दूसरी पत्नी की शिकायत
दूसरी ओर, दूसरी पत्नी की शिकायत पर पहली पत्नी कमला लहरे और उसके मायके पक्ष से आए 13 अन्य लोगों सहित कुल 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस शिकायत में मारपीट और घर में घुसकर विवाद करने के आरोप लगाए गए हैं।
मरवाही थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर ‘काउंटर मामला’ दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब दोनों पक्षों की भूमिका की जांच करेगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।