चालान की राशि बचाने के लिए एक ट्रक चालक ने हैरान कर देने वाली हरकत कर डाली

Chhattisgarh Crimesचालान की राशि बचाने के लिए एक ट्रक चालक ने हैरान कर देने वाली हरकत कर डाली। उसने ट्रैफिक थाने में खड़े अपने ही ट्रक को चोरी कर फरार हो गया।

पुलिस ने केस दर्ज करके जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम डब्लू कुमार यादव पुलिस द्वारा बताया जा रहा है।

मामला यातायात थाना भनपुरी का है। जानकारी के मुताबिक 31 मार्च 2026 को ट्रक क्रमांक CG/07/AZ/5831 नो-एंट्री में प्रवेश करते हुए पकड़ा गया था। इस पर यातायात पुलिस ने मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की और चालक से जुर्माना भरने को कहा। जब चालक ने चालान की राशि नहीं भरी, तो ट्रक को थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया।

इसके बाद 2 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि थाना परिसर में खड़ा ट्रक गायब हो गया है। इस पर खमतराई थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

खमतराई पुलिस ने जांच शुरू करते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति ट्रक लेकर राजनांदगांव की ओर जाते हुए नजर आया। इसके बाद टीम ने तेजी दिखाते हुए संभावित मार्गों पर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों में आरोपी को राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव से पकड़ लिया। आरोपी से ट्रक भी पुलिसकर्मियों ने बरामद किया है।

चालान की राशि से बचने की चोरी

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह उसी ट्रक का चालक है और चालान की राशि भरने से बचने के लिए उसने यह कदम उठाया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान डबलू कुमार यादव (21) निवासी बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 15 लाख रुपए कीमत का ट्रक बरामद कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में खमतराई थाना पुलिस की त्वरित और सतर्क भूमिका रही, जिसके चलते एक बड़ी चोरी की वारदात को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया गया।

Exit mobile version