
मामला विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है। विवाद के अगले दिन विश्रामपुर-भटगांव रोड किनारे छात्रा की आधे से ज्यादा जली हुई मिली। लड़की का हालत को देखते हुए उसे इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था, जहां रविवार (5 अप्रैल) सुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने सुसाइड की आशंका जताई है। वहीं बॉयफ्रेंड से पूछताछ भी की जा रही।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, शनिवार (4 अप्रैल) सुबह करीब 9 बजे विश्रामपुर-भटगांव रोड पर पासिंग नाले के पास सड़क किनारे नाबालिग जली अवस्था में मिली थी। उसकी पहचान ग्राम गोरखनाथपुर निवासी मोनिका सिंह उर्फ मोना (17) के रूप में हुई। वो कक्षा 11वीं की छात्रा थी।
पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से उसे 95 फीसदी जलना बताया गया। उसे शुरुआती इलाज के बाद अंबिकापुर रेफर कर दिया गया था। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
रायपुर पहुंचने के बाद हुई मौत
घटना की सूचना पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शनिवार शाम अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंची। मोनिका सिंह को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कराया। उसे रात में ही रायपुर मेकाहारा भेज दिया गया।
रायपुर में इलाज के दौरान रविवार सुबह मोनिका सिंह की मौत हो गई। छात्रा का शव वापस गोरखनाथपुर भेज दिया गया है।
प्रेमी से मोबाइल को लेकर हुआ था विवाद
परिजनों से पूछताछ में पता चला कि, बेटी मोनिका का पिछले 2 साल से रामनगर निवासी भूपेंद्र सिंह से लव अफेयर चल रहा था। दोनों एक दूसरे के घर आते जाते रहते थे।
भूपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि, दोनों ने मिलकर किश्त में मोबाइल खरीदा था, जिसमें से कुछ पैसे भूपेंद्र सिंह ने दिया था। बाकी पैसे मोनिका को देने थे। उसने पैसे जमा नहीं कराए तो भूपेंद्र ने उससे मोबाइल छीन लिया था।
जलकर मरने की दी थी धमकी
शुक्रवार (3 अप्रैल) शाम को छात्रा मोनिका सिंह रामनगर भूपेंद्र सिंह के घर आई थी। रात में वह रूक गई थी। उसने सुबह भूपेंद्र सिंह से मोबाइल मांगा तो भूपेंद्र सिंह ने नहीं दिया। इस पर उसने धमकी दी कि वह जलकर मर जाएगी।
रामनगर में ही छात्रा ने एक दुकान से 100 रुपए का पेट्रोल खरीदा था। भूपेंद्र ने उसे पेट्रोल खरीदते देख लिया और पेट्रोल लूटकर अपनी बाइक पर डाल लिया था।
इसके बाद मोनिका को बाइक पर बैठाकर उसने आईटीआई कॉलोनी के पास सुबह 9 बजे छोड़ दिया था। वहां से उसका घर करीब 500 मीटर दूर है।
भूपेंद्र सिंह ने कहा कि वह वापस रामनगर लौट आया था। इसके करीब आधे घंटे बाद मोनिका सिंह गंभीर रूप से जली अवस्था में मिली।
प्रेमी से पूछताछ जारी
पूछताछ के बाद पुलिस ने भूपेंद्र सिंह को थाने में बैठा लिया है। पुलिस भूपेंद्र सिंह के बयान की जांच की जा रही है। एडिशनल एसपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस को छात्रा की मौत की अधिकारिक सूचना नहीं मिली है।