
दुर्घटना दोपहर 12.15 बजे के करीब हुई। संबलपुरी ओवरब्रिज पर हुई यह टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेलर में तुरंत आग लग गई। देखते ही देखते पूरा ट्रेलर आग की लपटों में घिर गया। ड्राइवर अरविंद भारद्वाज जो झारखंड निवासी है, जिंदा जलने से उसकी मौत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी की ड्राइवर केबिन में ही फस गया
दुर्घटना के बाद ट्रेलर ड्राइवर बाहर नहीं निकल सका। वह ट्रक के भीतर ही फंसा रह गया और आग की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। यह घटना सकरी थाना क्षेत्र में हुई।
ट्रेलर में कुछ ही मिनट में तेजी से लगी आग
जानकारी के अनुसार, कोयले से लदा एक ट्रेलर बिलासपुर से रायपुर की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे ट्रेलर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई
सकरी थाने के टीआई विजय चौधरी ने बताया ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 बीएम 5007 का ड्राइवर आगे चल रहे दूसरे ट्रेलर क्रमांक सीजी 02, 7715 से जा टकराया। इससे कोयले से भरे ट्रक का ड्राइवर अरविंद भारद्वाज जो झारखंड निवासी है, और इस दुर्घटना में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जिस ट्रैलर से दुर्घटनाकारी ट्रेलर टकराया उसके चालक का पता लगाया जा रहा है।
टीआई ने बताया कि ट्रेलर के नंबर के आधार पर ट्रेलर के मालिक का पता लगाया जा रहा है, जिसके आधार पर दूसरे ड्राइवर का पता लगाया जाएगा। शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया दुर्घटना ट्रेलर के पीछे से टकरा जाने के कारण हुई और इसी वजह से उसमें आग लग गई।