गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमी चौकी क्षेत्र अंतर्गत मटियाडाँड़ में मंगलवार को एक बोलेरो वाहन पेड़ से टकराकर जल गई

Chhattisgarh Crimesगौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमी चौकी क्षेत्र अंतर्गत मटियाडाँड़ में मंगलवार को एक बोलेरो वाहन पेड़ से टकराकर जल गई। इस हादसे में वाहन में सवार यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई।

मुख्यमार्ग पर मरवाही की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और देखते ही देखते इंजन से आग की लपटें उठने लगीं।

धू-धू कर जल उठी बोलेरो, सभी सुरक्षित

हादसे के दौरान वाहन में सवार यात्रियों ने भयानक आग को देखते हुए तत्परता दिखाई और जलती हुई बोलेरो से कूदकर खुद को सुरक्षित किया। यात्रियों के वाहन से बाहर निकलते ही आग ने पूरी बोलेरो को अपनी चपेट में ले लिया और गाड़ी धू-धू कर जल उठी।

इस घटना को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँच गई है और दुर्घटना के कारणों की जाँच में जुट गई है। समय रहते यात्रियों के वाहन से बाहर निकलने में सफल रहने से कोई जनहानि नहीं हुई।

Exit mobile version