कोंडागांव जिले के थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया

Chhattisgarh Crimesकोंडागांव जिले के थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर से जगदलपुर आ रही दुबे ट्रैवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसा घोड़ागांव और जोबा के बीच सुबह करीब 3 बजे हुआ, जब अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।

हादसे में बस चालक रोशन साहू, नवीन सहित कुल 9 लोग घायल हो गए। इनमें 3 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों में एक व्यक्ति का हाथ कटकर अलग हो गया।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री अंदर ही फंस गए थे।

ग्रामीणों ने शुरू किया राहत कार्य

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जगदलपुर के डिमरापाल अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में जुटी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या चालक नियंत्रण खोने को हादसे का कारण माना जा रहा है।

ग्रामीणों ने उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे-30 पर तेज रफ्तार से वाहन चलाना आम बात हो गई है। इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन स्पीड लिमिट का सख्ती से पालन नहीं कराया जा रहा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर नियमित निगरानी, स्पीड कंट्रोल और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Exit mobile version