छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बेटे ने फावड़े से वार कर अपनी मां की हत्या कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बेटे ने फावड़े से वार कर अपनी मां की हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने पिता पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन पिता किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मामला रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार ग्राम रैरूमाखुर्द निवासी गणपत दास महंत (60) गांव के शिवा पेट्रोल पंप के सामने किराना दुकान चलाते हैं। परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं, जिनमें सबसे छोटा बेटा आर्यन दास महंत (20) है। बताया जा रहा है कि आर्यन अक्सर इस बात से नाराज रहता था कि उसे परिवार में कम महत्व दिया जाता है।

शुक्रवार को गणपत, उसकी पत्नी फुलबाई महंत (55) और आर्यन दुकान में ही सोए थे। शनिवार सुबह शौच से लौटने के बाद आर्यन ने अपनी मां से इसी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर उसने मां को दुकान के बाहर खींचकर जमीन पर गिरा दिया और घर में रखे फावड़े से गर्दन पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पिता ने भागकर बचाई अपनी जान

इसके बाद आर्यन अपने पिता गणपत को भी मारने के लिए दौड़ाने लगा, लेकिन गणपत वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इसके बाद उन्होंने शनिवार को घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी आर्यन दास महंत को हिरासत में ले लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

आरोपी को सख्त सजा दिलाने का प्रयास

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि गुस्से में किया गया अपराध जीवनभर का पछतावा बन जाता है और ऐसे मामलों में कानून कड़ी कार्रवाई करता है। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी को सख्त सजा दिलाने का प्रयास करेगी। मां की हत्या के इस मामले में आरोपी बेटे के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version