छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार को हत्या के दो अलग-अलग मामले सामने आए

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार को हत्या के दो अलग-अलग मामले सामने आए। पहला मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

दूसरा मामला जेवरा चौकी क्षेत्र के करहीडीह का है, जहां एक मजदूर की सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। जबकि नेवई थाना क्षेत्र के अंतर्गत मरोदा ब्रिज पर युवक आत्महत्या करने पहुंचा, लेकिन समय रहते उसे बचा लिया गया।

युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से परेशान था।

खुर्सीपार थाना क्षेत्र के बापू नगर उड़िया बस्ती में रहने वाले 30 साल के विक्रम सोना उर्फ फकीरा की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मोहल्ले में रहने वाले मुरली उर्फ मुच्छू (60) के साथ विक्रम का पहले से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था।

बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले रात में दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ था। रविवार सुबह फिर से दोनों आमने-सामने आए और बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपी मुरली ने गुस्से में आकर टंगिया निकाल लिया। इसके बाद उसने विक्रम पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

हमले के बाद विक्रम सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी की गिरफ्तारी

खुर्सीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि एक दिन पहले रात में खुर्सीपार थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना भी सामने आई थी। इस मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

पत्थर से कूचलकर बेहरमी से हत्या

दूसरी घटना जेवरा चौकी क्षेत्र के करहीडीह की है, जहां शनिवार रात एक मजदूर की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नारायण निषाद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बेरला का रहने वाला था।

वह करहीडीह में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था। रात में सांस्कृतिक भवन के पास उसका शव लहूलुहान हालत में मिला। उसके सिर और चेहरे को भारी पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया था।

सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

पत्नी से विवाद के बाद अलग रह रहा था

पुलिस के अनुसार नारायण निषाद अपनी पत्नी से विवाद के बाद अलग रह रहा था। उसकी पत्नी करहीडीह में ही अपने मायके में रह रही थी। इसी वजह से नारायण बेरला से आकर भिलाई में रहने लगा था और मजदूरी कर अपना गुजारा कर रहा था।

हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए टीम बनाई गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

मानसिक रोगी आत्महत्या करने ब्रिज से कूदा

नेवई थाना क्षेत्र में 32 वर्षीय एक युवक ने आत्महत्या करने के उद्देश्य से मरोदा ब्रिज से छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि उसे गंभीर चोटें आई हैं और उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। युवक की पहचान कविश तारक के रूप में हुई है, जो धनोरा का रहने वाला है।

जानकारी के अनुसार, युवक पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज चल रहा था।

Exit mobile version