महासमुंद में 11 केवी बिजली लाइन पर मेंटेनेंस के दौरान गुरुवार सुबह सुभाषनगर वार्ड स्थित सरस्वती राइस मिल के पास एक युवक 20 फीट ऊंचे खंभे से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया

Chhattisgarh Crimesमहासमुंद में 11 केवी बिजली लाइन पर मेंटेनेंस के दौरान गुरुवार सुबह सुभाषनगर वार्ड स्थित सरस्वती राइस मिल के पास एक युवक 20 फीट ऊंचे खंभे से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सुबह करीब 10:30 से 10:45 बजे के बीच हुई, जब अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई और युवक करंट की चपेट में आ गया।

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी शहर में लोड सेटिंग और लो वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए मेंटेनेंस कार्य करा रही थी। इसी दौरान 27 साल का अरबाज कुरेशी 11 केवी लाइन पर काम करने के लिए खंभे पर चढ़ा था।

बताया गया कि काम शुरू करने से पहले बिजली बंद कर दी गई थी। लेकिन करीब पांच मिनट बाद अचानक लाइन में करंट आ गया, जिससे अरबाज हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया।

करंट लगने से युवक झुलसा, खंभे से गिरकर गंभीर घायल

करंट लगने से अरबाज के दोनों हाथ और पेट का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वह लगभग 20 फीट ऊंचे खंभे से नीचे गिर गया। इस दौरान उसे गंभीर अंदरूनी चोटें भी आईं। मौके पर मौजूद अन्य विद्युत कर्मियों ने उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया गया है।

घायल अरबाज के पिता यूनूस कुरेशी ने इस हादसे के लिए विभागीय लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना उचित सुरक्षा व्यवस्था के इतना जोखिम भरा काम कराया जा रहा था।

पार्षद ने ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप

वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद मुस्ताक खान (विक्की) ने भी ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि काम के दौरान सुरक्षा उपकरण जैसे हेलमेट, ग्लव्स और सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध नहीं कराए गए थे, जो इस हादसे का एक बड़ा कारण है।

विद्युत विभाग के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर पीआर वर्मा ने बताया कि लोड बैलेंस करने के लिए ट्रांसफार्मर का ‘ड्यो’ निकालकर काम किया जा रहा था। संभवतः कहीं से रिटर्न करंट आने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि घायल कर्मी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

Exit mobile version