
गश्त के दौरान दो अलग-अलग मामलों में अवैध परिवहन करते दो हाईवा वाहनों को जब्त किया गया है। इसके अलावा एक अवैध ईंट भट्ठे को सील कर बड़ी मात्रा में ईंटें भी जब्त की गई हैं।
खनिज विभाग की पहली कार्रवाई में ग्राम मनकी निवासी चालक पोषण लाल साहू को चूना पत्थर और गिट्टी का अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। वाहन क्रमांक CG 08 BB 7116, जिसके मालिक प्रदीप साहू बताए जा रहे हैं, को जब्त कर डोंगरगांव थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
रेत का अवैध परिवहन करते दूसरा वाहन जब्त
दूसरी कार्रवाई में ग्राम जंतर निवासी चालक प्रीतराम वाहन क्रमांक CG 08 AX 4456 से रेत का अवैध परिवहन करते मिला। यह वाहन, जिसके मालिक सौरभ सिंह ठाकुर बताए गए हैं, को जब्त कर पुलिस लाइन राजनांदगांव में रखा गया है।
दोनों मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अवैध ईंट भट्ठे पर छापा
अवैध ईंट निर्माण के खिलाफ डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम रेंगाकठेरा में भी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार अमीय श्रीवास्तव और खनिज विभाग के भारत बंजारे के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने किसान नरसिंग वर्मा की भूमि पर छापा मारा।
जांच में पाया गया कि वहां बिना अनुमति के ईंट भट्ठे का संचालन किया जा रहा था। इसके बाद प्रशासन ने भट्ठे को सील कर दिया।
1 लाख 5 हजार से ज्यादा ईंटें जब्त
कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 1 लाख 5 हजार से अधिक ईंटें जब्त की गईं। अधिकारियों ने कहा कि बिना अनुमति चल रहे ईंट भट्ठों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
आगे भी जारी रहेगी सख्ती
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को रोकने के लिए लगातार निगरानी, गश्त और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।