श्री आनंदमूर्ति जी के आविर्भाव उत्सव के अवसर पर आनंद मार्ग प्रचारक संघ की ओर से राजधानी रायपुर में दो दिवसीय आनंद पूर्णिमा महोत्सव मनाया जा रहा

Chhattisgarh Crimesश्री आनंदमूर्ति जी के आविर्भाव उत्सव के अवसर पर आनंद मार्ग प्रचारक संघ की ओर से राजधानी रायपुर में दो दिवसीय आनंद पूर्णिमा महोत्सव मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बैरन बाजार स्थित आनंद मार्ग आश्रम से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में अनुयायी शामिल हुए। शोभायात्रा के माध्यम से मानव एकता, सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया गया।

उत्सव की शुरुआत सुबह 5:30 बजे 24 घंटे के अखंड कीर्तन से हुई। इसके बाद निकली शोभायात्रा में “मानव-मानव एक है”, “जात-पात की करो विदाई” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। आयोजन में शामिल लोगों ने समाज में समानता और एकता का संदेश आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

आनंद मार्ग प्रचारक संघ रायपुर के डायसिस सेक्रेटरी आचार्य अर्पितानंद अवधूत के अनुसार आज सुबह 6:07 बजे मंगल ध्वनि, जयघोष और आतिशबाजी के साथ आविर्भाव दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद तांडव और कौशिकी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें श्रद्धालुओं ने सराहा।

दो दिवसीय जन्मोत्सव का होगा समापन

वहीं दोपहर 2 बजे तक ओसीएम चौक स्थित आनंद मार्ग जागृति में नारायण सेवा और भंडारे का आयोजन जारी रहा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा कई भाषाओं छत्तीसगढ़ी, हिंदी, बंगला और संस्कृत में आनंद वाणी पाठ भी किया गया और श्री श्री आनंदमूर्ति जी के योगदानों पर विचार रखे गए।

शाम 6 बजे से 7 बजे तक ईश्वर प्राणिधान कार्यक्रम के साथ दो दिवसीय जन्मोत्सव का समापन होगा। पूरे आयोजन के माध्यम से आध्यात्मिक जागरूकता, सेवा भाव और सामाजिक समानता का संदेश दिया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार शामिल हो रहे हैं।

Exit mobile version