
मृतक की पहचान मोहम्मद मोहिउद्दीन (19) निवासी मौदहापारा, रायपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मोहिउद्दीन अपने चार दोस्तों के साथ अम्लेश्वर घूमने आया था। शाम को सभी खारुन नदी में नहाने उतरे, तभी मोहिउद्दीन गहराई में चला गया और डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही अम्लेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्ग कंट्रोल रूम के माध्यम से एसडीआरएफ टीम को अलर्ट किया गया। एसडीआरएफ की टीम गुरुवार रात करीब 9 बजे घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन अंधेरा अधिक होने और नदी की जोखिमपूर्ण स्थिति के कारण रात में सर्चिंग अभियान शुरू नहीं किया जा सका।
घटनास्थल से 30 मीटर दूर मिली लाश
शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। डीप डाइविंग एक्सपर्ट ओंकार और भानुप्रताप ने नदी में सर्चिंग की। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 7 बजे युवक का शव घटनास्थल से लगभग 30 मीटर दूर पानी में मिला।
एसडीआरएफ टीम ने शव को बाहर निकालकर अम्लेश्वर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी।
एसडीआरएफ एनडीआरएफ कमांडेंट नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को तत्काल रवाना किया गया था। रात में परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने के कारण सर्चिंग रोकनी पड़ी, लेकिन सुबह व्यवस्थित तरीके से अभियान चलाकर शव बरामद कर लिया गया।