बलौदाबाजार सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम केसडबरी स्थित सोलर पावर प्लांट से 4.50 लाख रुपए के इन्वर्टर केबल, वायर और सोलर पैनल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम केसडबरी स्थित सोलर पावर प्लांट से 4.50 लाख रुपए के इन्वर्टर केबल, वायर और सोलर पैनल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संतोष देवार (45) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में रसेडा डबरी पारा का निवासी है।

गुलबेद खान (राधा विहार कॉलोनी) ने पुलिस को बताया कि पिछले छह माह से केसडबरी में सोलर पावर प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा है। 1 मई 2026 को एक इन्वर्टर का केबल और सोलर पैनल चोरी हुआ था। इसके बाद 2 मई 2026 की रात चार इन्वर्टर के केबल भी अज्ञात चोरों ने चुरा लिए।

गुलबेद की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच तेज की। प्लांट के सुरक्षा गार्डों की सतर्कता से आरोपी संतोष देवार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

साथी की आरोपी तलाश जारी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20,000 रुपए का चोरी का केबल वायर और घटना में प्रयुक्त औजार जब्त किए हैं। आरोपी को 3 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति में चोरी की घटनाओं पर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि फरार आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version