भिलाई के खुर्सीपार इलाके में सोमवार तड़के दुर्ग पुलिस ने बड़ा सघन चेकिंग अभियान चलाया

Chhattisgarh Crimesभिलाई के खुर्सीपार इलाके में सोमवार तड़के दुर्ग पुलिस ने बड़ा सघन चेकिंग अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से शुरू हुए इस अभियान में पुलिस ने कई बस्तियों, ट्रांसपोर्ट नगर और बाजार क्षेत्रों में पहुंचकर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की। कार्रवाई सुबह 9 बजे तक चली। इस दौरान करीब 500 मकानों और 200 ट्रेलर-ट्रक वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने 7 संदिग्ध मोटरसाइकिल जब्त की हैं, जबकि 3 लोगों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है।पुलिस के मुताबिक जिले में कानून व्यवस्था मजबूत रखने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने किया। उनके साथ नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी और 100 से ज्यादा पुलिस जवान मौजूद रहे।

इन इलाकों में हुई जांच पुलिस टीम ने खुर्सीपार के डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, शिवाजी नगर, अटल आवास देवार बस्ती, मछली मार्केट और ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में अलग-अलग टीम बनाकर जांच की। सुबह-सुबह पुलिस की बड़ी कार्रवाई से इलाके में हड़कंप की स्थिति रही।

वाहनों की डिक्की से लेकर दस्तावेज तक जांचे अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की चेक की गई। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर में खड़े ट्रक और ट्रेलरों के ड्राइवरों व क्लीनरों के लाइसेंस, वाहन के कागज और आधार कार्ड की जांच भी की गई। पुलिस ने खास तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध गतिविधियों और धारदार हथियार रखने वालों पर नजर रखी।3 संदिग्धों से पूछताछ जारी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 संदिग्ध बाइक जब्त की। इसके अलावा 3 लोगों को पूछताछ के लिए खुर्सीपार थाना लाया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। नागरिकों को समझाइश दी गई कि अगर क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Exit mobile version