छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल पर खड़ी 2 बाइकों को कुचल दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल पर खड़ी 2 बाइकों को कुचल दिया। हादसे में नाबालिग समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका निजी अस्पताल के ICU में इलाज चल रहा है। तीनों वाहनों के भी परखच्चे उड़ गए।

मृतकों की पहचान नूर खान (15) निवासी भिलाई सुपेला और मनोहर (55) निवासी रायपुर के रूप में हुई है। घायल का नाम सलीम निवासी भिलाई कैंप-1 है। पुलिस ने कार ड्राइवर सागर जायसवाल को हिरासत में ले लिया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, दो अलग-अलग बाइक पर 3 लोग सवार थे। वो सुपेला से पावर हाउस की तरफ जाते समय चंद्रामौर्या चौक पर रेड सिग्नल पर खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार क्रमांक CG07BR0571 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सवार सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों की मदद से तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नूर खान और मनोहर को मृत घोषित कर दिया। नूर और सलीम एक ही स्कूटी में सवार थे। दोनों AC बनाने का काम करते थे।

हादसे के बाद जुटी लोगों की भीड़

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, कार ड्राइवर ने सिग्नल तोड़ते हुए लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाई और दो बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। कार काफी तेज रफ्तार में थी और ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

कार ड्राइवर को हिरासत में लिया गया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है।

हर्जाना दो, वरना जान के बदले जान चाहिए- मामी

नूर की मामी का कहना है कि, खड़ी स्कूटी को कार ने टक्कर मारी है। दोनों काम पर गए थे। दुकान से कहीं दूसरे जगह एसी का काम करने जा रहे थे। हमें नूर वापस चाहिए, वरना हर्जाना दो, नहीं तो जान के बदले जान चाहिए।

CCTV खंगाल रही पुलिस

भिलाई सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी का कहना है कि, आरोपी का स्वास्थ्य जांच भी किया जाएगा। जिससे यह पता चल सके कि वह कहीं नशे में तो नहीं था। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाले जा रहे। जिससे हादसे की असल वजह सामने आ सके।

शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार और सिग्नल तोड़ने की बात सामने आई है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version