रायपुर पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजस्थान के 2 अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजस्थान के 2 अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी भाठागांव बस स्टैंड इलाके में गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

आरोपियों के कब्जे से 8.122 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के टोंक निवासी दिलशेर खान (39) और कसीम अली (27) शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, 21 मई 2026 को टिकरापारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित शुलभ शौचालय के पास दो युवक संदिग्ध हालत में घूम रहे हैं और मादक पदार्थ बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से अलग-अलग पैकेटों में कुल 8.122 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिलशेर खान (39) और कसीम अली (27) निवासी पुरानी टोंक, जिला टोंक राजस्थान बताया। आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस ने केस दर्ज किया है।

एसीपी की निगरानी में कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई डीसीपी पश्चिम संदीप कुमार पटेल के निर्देश और एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। वहीं एसीपी टिकरापारा नवनीत पाटिल की निगरानी में टिकरापारा पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, राजधानी में नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और बाहरी राज्यों से आने वाले तस्करों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

Exit mobile version