गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesगौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन के निर्देश पर खनिज विभाग ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 11 वाहनों को जब्त किया है।

पहली कार्रवाई के तहत, खनिज विभाग की टीम ने पीपरडोल और दुबटिया क्षेत्रों में छापा मारा। यहां रेत और गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए गए 7 वाहनों को जब्त किया गया।

दूसरी कार्रवाई खंता, अंडी और पीपरखूंटी क्षेत्रों में की गई। इस दौरान अवैध खनिज परिवहन में लिप्त एक हाईवा और तीन ट्रैक्टर सहित 4 वाहनों को पकड़ा गया।

अवैध खनिज गतिविधियों पर कड़ी निगरानी

सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। विभागीय टीम नियमित रूप से गश्त कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

जब्त किए गए सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन वाहनों को निर्धारित अर्थदंड और समझौता राशि खनिज मद में जमा कराने के बाद ही छोड़ा जाएगा।

Exit mobile version