
इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। इसमें भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता फट गया। उग्र होती भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल करना पड़ा।
प्रदर्शन के समापन से पहले NSUI नेता और कार्यकर्ता कलेक्टर ऑफिस की ओर बढ़ने लगे। उन्हें रोकने पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। 12 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें मुचलके पर छोड़ा गया है।
वहीं लाठीचार्ज में 6 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हुए हैं। घायलों को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान धक्कामुक्की में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
सिम्स अस्पताल में घायल छात्रों से मिलने पहुंचे NSUI राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने पुलिस कार्रवाई को बर्बर बताते हुए चेतावनी दी है कि यदि छात्रों पर FIR दर्ज की गई, तो संगठन भी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा।
इस मामले पर भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि यूथ कांग्रेस यानी गुंडों की टोली। ये नैतिकता बताने निकले हैं। छत्तीसगढ़ में 5 साल इनकी सरकार थी। व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार हुए। तब इन्होंने कोई सवाल क्यों नहीं उठाया। आज नैतिकता की बात कर रहे हैं।