
जानकारी के मुताबिक, सिद्धार्थनगर में रहने वाले कुंडे और परिहार परिवार के बीच पहले से विवाद चल रहा था। कुछ महीने पहले भी दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था, जो कोर्ट तक पहुंचा था। उसी विवाद के बाद से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था।
शुक्रवार को बच्चों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला अचानक बढ़ गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोग लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और चाकू लेकर परिहार परिवार के घर पहुंचे। घर में घुसकर तोड़फोड़ की गई और परिवार के लोगों पर हमला किया गया।
7 लोग के घायल होने की जानकारी
इस हमले में कुल 7 लोग घायल हुए हैं। किसी को चाकू लगा है तो किसी के सिर में गंभीर चोट आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि परिहार परिवार की दादी के इलाज के लिए बालाघाट से कुछ रिश्तेदार भी आए थे। घटना के दौरान वे भी बीच-बचाव में घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सिद्धार्थनगर में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।