कोरबा जिले के अमलडीहा में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले के अमलडीहा में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तब हुआ, जब अमरकंटक से जमनीपाली की ओर आ रही तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित होटल की दीवार से टकरा गई।

कटघोरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बाइक (CG 12 BS 6267) पर दो युवक सवार थे। वे अमरकंटक से कोरबा के जमनीपाली की ओर आ रहे थे। अमलडीहा के पास पहुंचने पर बाइक की तेज गति के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन श्याम होटल की दीवार से जा टकराया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह डैमेज हो गई। हादसे में एक युवक को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे घायल युवक को स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस जांच में जुटी, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की पहचान कोरबा निवासी मोनू प्रजापति के रूप में की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और बाइक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। पुलिस घायल युवक के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि घटना के संबंध में और जानकारी मिल सके। मृतकों और घायलों के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।

स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाने की मांग

ग्रामीणों ने अमरकंटक-कोरबा मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि अमलडीहा के पास अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए प्रशासन को स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाने चाहिए।

Exit mobile version