दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में दोषी एक आरोपी को पुलिस ने 21 साल बाद गिरफ्तार किया

आरोपी का नाम सोढ़ी मासा (45) है जो कटेकल्याण थाना क्षेत्र के गाटम के डोंगरीपारा इलाके का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक हत्या का मामला साल 2001 का है। उस समय आरोपी की उम्र करीब 20 से 24 साल के बीच रही होगी। हत्या के मामले में गिरफ्तार होने के बाद वह केंद्रीय जेल जगदलपुर में बंद था।

पुलिस के अनुसार साल 2005 में सोढ़ी मासा को 14 दिनों की पैरोल पर अपने गांव जाने की अनुमति मिली थी। पैरोल की अवधि खत्म होने के बाद उसे वापस जेल पहुंचना था, लेकिन वह नहीं लौटा। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। फरारी के दौरान आरोपी तेलंगाना राज्य के कोत्तागुडेम इलाके के कासनपल्ली गांव में रहने लगा।

वहां उसने अपना नाम बदलकर लालाराम सोढ़ी रख लिया था ताकि उसकी पहचान छिपी रहे और पुलिस तक उसकी जानकारी न पहुंच सके।

बेटे से मिली जानकारी, फिर पहुंची पुलिस

कटेकल्याण पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी का बेटा हड़मा उर्फ सुरेश सोढ़ी गांव आया हुआ है। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि उसका पिता तेलंगाना के कोत्तागुडेम क्षेत्र में रह रहा है।

जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा और एसडीओपी कटेकल्याण के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तेलंगाना भेजा गया।

तेलंगाना से गिरफ्तार कर जगदलपुर लाया गया

पुलिस टीम ने कोत्तागुडेम पहुंचकर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे जगदलपुर लाया गया और प्रथम अपर सत्र न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया।

Exit mobile version