छत्तीसगढ़ में अगले 2-3 दिनों में मानसून की एंट्री हो सकती है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में अगले 2-3 दिनों में मानसून की एंट्री हो सकती है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। इसी बीच शुक्रवार सुबह कांकेर के अंतागढ़ में मनरेगा कार्य के दौरान पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर बिजली गिर गई। हादसे में उप सरपंच समेत 3 लोगों की मौत हो गई और 5 घायल हो गए।

वहीं कोरबा के लेमरू थाना क्षेत्र में भी तेज आंधी-तूफान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अपनी लापता बकरी को खोजने जंगल गए पति-पत्नी पर पेड़ गिर गया। हादसे में शिवरतन माझी (54) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी सुशीला बाई (50) घायल हो गई। महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।

बालोद में भी शुक्रवार तड़के आंधी-तूफान से भेड़िया नवागांव स्थित BSNL का 131 फीट ऊंचा टावर गिर गया। यहां अंधड़ से 50 से अधिक पेड़ उखड़ गए और 11 से ज्यादा बिजली के पोल टूट गए, 15 गांव में ब्लैकआउट है। मुंगेली में गुरुवार शाम आए आंधी से शराब दुकान का शेड हवा में उड़ गया।

रायपुर में भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जबकि सरगुजा और कोरबा में जमकर बादल बरसे, जिससे अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट आई है। पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव 43 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं मौसम विभाग ने आज भी पूरे प्रदेश में अंधड़ और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

Exit mobile version