
जगदलपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जगदलपुर में झीरम घाटी शहीद मेमोरियल का लोकार्पण किया, और झीरम घाटी में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बता दें कि 32 शहीदों की याद में मेमोरियल स्थापित किया गया है, लोकतंत्र पर सबसे बड़े हमले में शहीदों की याद में आम जनता को झीरम घाटी शहीद मेमोरियल समर्पित है. झीरम घाटी शहीद मेमोरियल में शहीदों के परिजनों से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुलाकात की. शहीदों के परिजनों की हिम्मत और हौंसले की तारीफ की, साथ ही हर सुख दुख में साथ रहने का मुख्यमंत्री ने वादा किया। परिजनों को शाल, श्रीफल और पौधा के रूप में झीरम स्मृति चिन्ह दिया।
गौरतलब है कि 25 मई 2013 को झीरम घाटी में नक्सल हिंसा में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि नंदकुमार पटेल, विद्याचरण शुक्ल, महेन्द्र कर्मा, उदय मुदलियार, योगेन्द्र शर्मा सहित 32 लोग शहीद हुए थे। इनमें बहुत से कार्यकर्ता, जवान और आमलोगों ने शहादत दी थी। राज्य में शहीदों के बलिदान की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए 25 मई को झीरम घाटी श्रद्धांजलि दिवस मनाया जा रहा है।