जनदर्शन में मुख्यमंत्री साय ने सुनी लोगों की समस्याएं

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज (27 जून) से जनदर्शन कार्यक्रम शुरू कर दिया है। सीएम हाउस में आयोजित जनदर्शन में प्रदेश भर से लोग अपनी-अपनी समस्या लेकर पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी बात सुनी और समस्या का निराकरण का आश्वासन दिया। साय को नागरिकों ने उनकी पोट्रेट भी भेंट की।

जनदर्शन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारी सरकार को छह महीने हुए हैं। लगातार लोगों से मिलकर उनकी समस्या सुलझाने की कोशिश की है। पहले भी मुख्यमंत्री के रूप में रमन सिंह लोगों से जनदर्शन में मिलते थे। कार्यक्रम में आने वाले लोगों को टोकन दिया जाएगा। आपके आवेदनों को दर्ज किया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।

जनदर्शन कार्यक्रम में किसानों ने फसल नष्ट होने के संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया। सीएम साय ने किसानों से कहा कि उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। इसी तरह लोगों ने अनुचित कब्जा हटाने, मनरेगा, बीमारी के इलाज को लेकर भी मुख्यमंत्री को आवेदन सौंपा।

जनदर्शन कार्यक्रम में जीएनएम प्रशिक्षण पाने वाले नर्सिंग प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसी तरह बीएड प्रशिक्षण लेने वाले छात्रों और बस्तर संभाग से आए शिक्षकों ने भी उनसे भेंट की। महाविद्यालय के गेस्ट लेक्चरर्स के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसी तरह छत्तीसगढ़ी छात्र संगठन, अनियमित कर्मचारी महासंघ ने भी ज्ञापन दिया।

जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने दिव्यांगजन से भी की भेंट। उन्होंने एक दिव्यांग बच्ची को दुलारा और उसकी समस्या जानी। सीएम ने उसके परिजनों से भी बात की। कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अलग-अलग मुद्दों पर अपनी बात रखीं।

सभी विभागों के अफसर रहे मौजूद

जनदर्शन कार्यक्रम में प्रदेश भर से लोग पहुंचे। वे मुख्यमंत्री को अलग-अलग विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं बता रहे थे। इसलिए उन विभागों से जुड़े अफसर भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। लोगों की समस्याओं और शिकायतों के हिसाब से उसी समय मुख्यमंत्री अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।

दोपहर 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनदर्शन चलेगा

हर गुरुवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनदर्शन कार्यक्रम चलेगा। यहां आम लोगों को सिविल लाइंस स्थित सीएम हाउस में एंट्री दी जाएगी। लोगों को अपनी समस्याओं का आवेदन मुख्यमंत्री के नाम लेकर जाना होगा। शिकायत से जुड़े दस्तावेज भी साथ रखने होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जनता के सुझाव भी लेंगे, साथ ही शासकीय योजनाओं की उन तक पहुंच की जानकारी लेंगे।

Exit mobile version