जांजगीर-चांपा में संदिग्ध हालत में मिले बुजुर्ग दंपती के शव

Chhattisgarh Crimes

​​​​​​​जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा में रविवार को संदिग्ध हालत में बुजुर्ग दंपती के शव मिले हैं। पति का शव पलंग पर पड़ा हुआ था, जबकि पत्नी की लाश जमीन पर पड़ी थी। वहीं कमरे की छत से करीब 7 फीट की ऊंचाई पर लकड़ी से साड़ी के दो टुकड़े बंधे हुए हैं। दोनों टुकड़ों के फंदे टूटे हैं। बुजुर्ग दंपती के बेटों का कहना है कि माता-पिता ने सुसाइड किया है। हालांकि परिस्थितियों को देख पुलिस को संदेह है। मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, डोंगाकोहरौद गांव निवासी मोहन लाल कश्यप (73) और उनकी पत्नी ललिता कश्यप (60) के तीन बेटा-बेटियां हैं। तीनों बेटियांे और दो बेटों की शादी हो चुकी है। तीनों बेटे और दो बहुएं साथ में ही रहते हैं। कारपेंटर का काम करने वाले मोहनलाल और उनकी पत्नी का शव रविवार सुबह उनके ही घर में शव मिला है। उनके बेटे दिनेश ने बताया कि माता-पिता ने आत्महत्या की है। हालांकि इसे लेकर संदेह है।

पुलिस ने कमरे को सील किया

सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई है। कमरे को सील कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि टीन शेड वाले कमरे में लगी करीब 7 फीट ऊंची लकड़ी पर साड़ी के दो फंटे टूटे हुए बंधे हैं। जहां पर फंदा बंधा है, शव वहां से दूर पड़े थे। पुलिस का मानना है कि अगर फांसी लगाने से फंदा टूटा है तो दोनों के शव जमीन में पड़े होने चाहिए, लेकिन पिता का शव पलंग पर पड़ा था। वहीं मां का शव भी फंदे से दूर मिला है।

अक्सर परिवार में होता था विवाद

दूसरी ओर पड़ोसियों ने भी पुलिस को बताया है कि घर में अक्सर विवाद होता रहता था। इसकी वजह से बुजुर्ग परेशान रहते थे। दो दिन पहले भी घर में जमकर विवाद हुआ था। घटना के समय सभी बेटे और बहू अपने-अपने कमरों में बताए जा रहे हैं। फिलहाल परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया है। उनके आने के बाद कमरे को खोला जाएगा। इसके बाद आगे जांच शुरू होगी।

Exit mobile version