छत्तीसगढ़ पहुंचे दिग्विजय सिंह ने कहा – तेल के टैक्स से प्रधानमंत्री का महल बन रहा है

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कई नेताओं के साथ पारिवारिक घनिष्ठता है। वे हर सुख-दु:ख में उनके घर पहुंचते रहे हैं।

एक पारिवारिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पहुंचे मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा, पूरे देश में जनता महंगाई से परेशान है और प्रधानमंत्री तेल के टैक्स से अपना महल बनवा रहे हैं। दिग्विजय सिंह रात की उड़ान से वापस लौट रहे हैं।

धमतरी में पत्रकारों से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने ऑयल बांड का मामला उठाया। उन्होंने कहा, ऑयल बांड कुल सवा लाख करोड़ का है। यह सरकार एक साल में पेट्रोल-डीजल पर अतिरिक्त टैक्स लगा कर सवा 3 लाख करोड़ इकट्‌ठा कर चुकी है। ऐसे में आयल बांड की बात कहां से आई।

दिग्विजय सिंह ने कहा, तेल के टैक्स से प्रधानमंत्री का महल बन रहा हैं, उपराष्ट्रपति का महल बन रहा हैं, नया संसद भवन बन रहा है। वहीं दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र ब्रिटेन में आज भी 200 साल पुराने भवन में संसद चल रही है। दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार फिजूल खर्ची में सारा पैसा बर्बाद कर रही है।

आपकों बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल का दाम बढ़ने पर सरकार तेल के दाम नियंत्रित करने के लिए कंपनियों को सब्सिडी देती थी। सब्सिडी की रकम को बाद में चुकाने के लिए सरकार एक नोट जारी करती रही है, जिसे ऑयल बांड कहा जाता है। कुछ केंद्रीय मंत्री कह रहे हैं कि यूपीए सरकार के समय जारी ऑयल बांड की उधारी चुकाई नहीं गई थी। वह अब भी बाकी है। उसका भुगतान अब करना पड़ रहा है। इसलिए तेल की महंगाई बढ़ रही है।

रामगोपाल अग्रवाल के घर गए थे

दिग्विजय सिंह गुरुवार सुबह रायपुर पहुंचे खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन पहुंचे थे। दिग्विजय सिंह हवाई अड्‌डे से सीधे धमतरी के लिए रवाना हो गए। वे वहां नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के घर गए थे। वे वहां रामगोपाल अग्रवाल के पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे।

Exit mobile version