शराबी बेटे ने पिता पर किया टंगिया से हमला, हालत नाजुक

Chhattisgarh Crimes

कोरबा। कोरबा में शराब पीने से मना करने पर युवक ने अपने ही पिता पर टंगिया से वार कर दिया। बुजुर्ग पिता को परिजनों ने संजीवनी एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उनकी हालत गंभीर है। जबकि नशे में धुत बेटा अभी घर में पड़ा हुआ है। पुलिस को वारदात की सूचना अभी मिली है। इसके बाद आगे कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, बालको के केसलपुर निवासी 65 साल राम सिंह खेती किसानी का काम करता है। सुबह वह खेत में जाने की तैयारी कर रहा था। इसी बीच उसका बड़ा बेटा पवन शराब के नशे में धुत होकर पहुंच गया। उसे इस तरह देख राम सिंह ने शराब पीने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बात बढ़ी तो पवन ने टंगिया से पिता पर वार कर दिया। सिर पर हुए अचानक हमले से राम सिंह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

परिजनों ने देखा को उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले गए। इसके बाद अस्पताल से वारदात की जानकारी पुलिस को दी गई। राम सिंह की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उनके 4 बेटे और 4 बेटियां हैं। हमला करने वाला पवन सबसे बड़ा बेटा है। बताया जा रहा है कि वह नशे में बेसुध घर में पड़ा है। पुलिस उसे गिरफ्तार करेगी।

Exit mobile version