एक साल 14 दिन से चल रहा किसान आंदोलन आज खत्म, 11 दिसंबर को फतेह मार्च

Chhattisgarh Crimes

चंडीगढ़। दिल्ली बॉर्डर पर एक साल 14 दिन से चल रहा किसान आंदोलन आज शाम को खत्म हो जाएगा। इसके लिए किसान संगठनों की सहमति बन गई है। उन्हें केस वापसी समेत दूसरी सभी मांगें मंजूर होने का आधिकारिक लेटर भी मिल गया है। शाम करीब साढ़े 5 बजे स्टेज से मोर्चा फतेह की घोषणा कर दी जाएगी। इसे देखते हुए सिंघु बॉर्डर पर किसानों ने टेंट उखाड़ने शुरू कर दिए हैं। इसके अलावा वापसी की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

वहीं, आंदोलन की अगुआई करने वाले पंजाब के 32 किसान संगठनों ने अपना कार्यक्रम भी बना लिया है। जिसमें 11 दिसंबर को दिल्ली से पंजाब के लिए फतेह मार्च होगा। सिंघु और टिकरी बॉर्डर से किसान एकसाथ पंजाब के लिए वापस रवाना होंगे। 13 दिसंबर को पंजाब के 32 संगठनों के नेता अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब में मत्था टेकेंगे। उसके बाद 15 दिसंबर को पंजाब में करीब 116 जगहों पर लगे मोर्चे खत्म कर दिए जाएंगे। हरियाणा के 28 किसान संगठन भी अलग से रणनीति बना चुके हैं।

पंजाब और हरियाणा के किसान संगठनों के अलावा सभी नेता अपने संगठनों के साथ मीटिंग कर आंदोलन खत्म करने की बात कह चुके हैं। हालांकि, इस पर संयुक्त किसान मोर्चे की मुहर लगनी बाकी है। इसके लिए मीटिंग शुरू हो गई है। जिसमें केंद्र सरकार से आया किसानों की मांग कबूलने वाला आधिकारिक लेटर भी दिखाया जाएगा।

संयुक्त किसान मोर्चा की 5 मेंबरी हाईपावर कमेटी के सदस्य अशोक धावले ने कहा कि हमें केंद्र सरकार से मांग मंजूर करने वाला आधिकारिक लेटर मिल चुका है। अब इस पर SKM की मीटिंग में फैसला होगा।

Exit mobile version