भोपाल। गर्लफ्रेंड से धोखा मिलने की वजह से दो दोस्तों ने खुदकुशी कर ली है। मंगलवार देर रात दो दोस्त भेल जंबूरी मैदान स्थित एक पेड़ पर फांसी पर लटके मिले है।
इस खबर के बाद उनकी बस्ती में हड़कंप मच गया। दोनों ने पेड़ की अलग-अलग शाखाओं पर फंदा बनाकर सुसाइड किया है। पुलिस की दी जानकारी के मुताबिक दोनों दोस्तों ने अपनी-अपनी प्रेमिका से धोखा खाने के बाद मौत को गले लगाया है। पुलिस के मुताबिक पिपलानी इलाके में भेल जंबूरी मैदान में मंगलवार देर रात दो युवकों के शव पेड़ पर फंदे से लटके मिले थे। उनकी गुमशुदगी भी दर्ज की गई थी।
मृतकों की शिनाख्त आनंद नगर के शिव नगर निवासी समीर (20) और राजा जाटव (20) के रूप में हुई। पुलिस के मौका मुआयना करने से स्पष्ट है कि दोनों ने खुदकुशी की है। हालांकि मामले की दूसरे एंगल से भी जांच की जा रही है। दोनों युवकों का अलग-अलग लड़कियों से प्रेम प्रसंग था और ब्रेकअप हो जाने के बाद से डिप्रेशन में थे। संभवत: इसी वजह से आत्महत्या की है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।