आईईडी विस्फोट के बाद जायजा लेने मौके पर पहुंचे आईजी

Chhattisgarh Crimes पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. हेलीकॉप्टर से कोंटा पहुंचे, जहां से बाइक से वे मौके पर पहुंचे और उन्होंने वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वे कोंटा थाना पहुंचे, जहां उन्होंने एएसपी आकाश राव गिरिपूंजे के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।उन्होंने जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि बस्तर में अब जल्द ही शांति की स्थापना होगी। नक्सलियों का आधार लगातार खत्म होता जा रहा है। ऐसे में उन्होंने जो कायराना हरकत की है, उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहीद एएसपी आकाश राव गिरिपूंजे की शहादत का बदला नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन लॉन्च कर मजबूती से लिया जाएगा।उन्होंने कहा कि शहीद एएसपी की अंदरूनी इलाकों में सड़क निर्माण व कैंप स्थापना में बड़ी भूमिका रही है। मालूम हो कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की नक्सलमुक्त भारत की डेडलाइन 31 मार्च 2026 पर लगातार काम जारी है। इसी डेडलाइन को पूरा करने पुलिस व पैरामिलेट्री बल लगातार ऑपरेशन चलाए हुए हैं। इन ऑपरेशन्स का नतीजा भी निकलकर सामने आ रहा है, जिसमें जवानों को लगातार कामयाबी मिलती चली जा रही है।

बीते डेढ़ सालों में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन में उनके संगठन को बड़ा झटका लगा है और पूरा नक्सल संगठन पूरी तरह से कमजोर हो चुका है। उनमें अब सुरक्षा बलों से सीधे टकराने की हिम्मत ही नहीं बची है। कायराना तरीके से आईईडी का सहारा लेकर नक्सली न केवल सुरक्षाबलों को टारगेट कर रहे हैं, बल्कि निर्दोष जनता व बेजुबान जानवरों को भी निशाना बना रहे हैं।

नक्सलियों के सुरक्षा बलों के मनोबल को तोड़ने का कोई भी प्रयास सफल नहीं होगा। उनका कायराना षड्यंत्र पुलिस के हौसले को नहीं तोड़ सकता। बस्तर से नक्सलवाद का समूल नाश होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि नक्सलियों के आधार का क्षेत्रफल सिमटता जा रहा है। नक्सल संगठन नेतृत्वहीन हो चुका है। इसी बौखलाहट में कोंटा में आईईडी विस्फोट किया गया।

बस्तर से नक्सलवाद का समूल नाश होकर रहेगा: आईजी

Exit mobile version