पीएम जनमन योजना से 12 बसाहटों के 80 कमार परिवारों के घर हुए रोशन, सोलर होमलाइट से मिलेगी राहत

Chhattisgarh Crimes युमेन्द्र कश्यप/गरियाबंद। जिले के दूरस्थ एवं पहुंचविहीन ग्रामीण बसाहटों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) कमार परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार की पीएम जनमन योजना के तहत क्रेडा (छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण) द्वारा जिले की 12 अविद्युतीकृत बसाहटों के 80 कमार परिवारों के घरों में सोलर होमलाइट सिस्टम के माध्यम से विद्युतीकरण का कार्य किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन दूरस्थ गांवों एवं बसाहटों में बिजली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रात के समय अंधेरे में जीवनयापन करना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए पीएम जनमन योजना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर सर्वेक्षण किया गया। इसके बाद क्रेडा प्रधान कार्यालय रायपुर से जारी कार्यादेश के अनुसार प्रथम चरण में 53 तथा द्वितीय चरण में 27 परिवारों के घरों में सोलर होमलाइट संयंत्र स्थापित किए गए।

सोलर होमलाइट सिस्टम से अब इन परिवारों को रात्रिकालीन प्रकाश की सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही सिस्टम में सतत नेटवर्क के माध्यम से मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में भी सुविधा मिल रही है।

इस कार्य से जिले के कुल 80 विशेष पिछड़ी जनजाति कमार परिवार लाभान्वित हुए हैं। सोलर ऊर्जा के माध्यम से बिजली की सुविधा मिलने पर हितग्राहियों में खुशी है। दूरस्थ क्षेत्रों में बिजली की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इन बसाहटों के परिवार हुए लाभान्वित: क्रेडा की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कमारभौंदी, आमागोरा, कमारपारा, कुकुरार, हथौडाडीह, अगमाले, नगरार, नारीपानी, कवरअमाड़ा, जुगाड़ पुरानीबस्ती, गाल्हुडीही, ताराझर, दुगाधार, रताखालपारा एवं कांटासेमलपारा सहित उल्लेखित बसाहटों के कुल 80 परिवारों को सोलर होमलाइट प्रदान की गई है।

स्रोत: छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा), जिला कार्यालय गरियाबंद।

Exit mobile version