मामूली विवाद पर बिलासपुर में झारखंड के युवक की चाकू मार कर हत्या

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर. बिलासपुर में मंगलवार रात जरा से विवाद में एक युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। इस दौरान बदमाश ने उसके दोस्तों पर भी हमला किया, लेकिन उन्होंने आरोपी को दबोच लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। विवाद सड़क पर खड़ी बाइक पर बैठने को लेकर हुआ था। मरने वाला युवक झारखंड का रहने वाला था। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, तिफरा के कुंदरापारा निवासी ओम प्रकाश यादव ट्रांसपोर्टर है। उसके घर में झारखंड के युवक तबरेज खान और संजू यादव सहित अन्य किराए पर रहते हैं और यहां सैलून दुकान चलाते हैं। ओम प्रकाश मंगलवार रात अपनी पिकअप खड़ी करने के बाद तबरेज खान और संजू के साथ महाराणा प्रताप चौक पर भेल-पूरी खाने आया था। पास में ही उसकी बाइक खड़ी थी। इस बीच एक युवक आकर बाइक पर बैठ गया।

तबरेज ने उसे मना किया तो आरोप है कि युवक भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। इतने में अन्य युवक भी आ गए और बाइक की चाबी छीन ली। संजू, तबरेज ने मना किया तो आरोपियों ने चाकू निकाल लिया और हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से तबरेज गंभीर रूप से घायल हो गया। ओम प्रकाश ने एक हमलावर को पकड़ लिया और चाकू छीन लिया। इस हमले में संजू और ओम प्रकाश भी घायल हो गए हैं।

इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जरहाभाठा मिनी बस्ती निवासी अज्जू उर्फ अजय खांडेकर और चीकू को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, 5-6 अन्य युवकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उधर, घायल हालत में अस्पताल में भर्ती तबरेज ने उपचार के दौरान देर रात दम तोड़ दिया। उसके परिजनों को सूचना दी गई है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Exit mobile version