
बीजापुर। जिले में माओवादियों ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष नीलकंठ कक्केम की माओवादियों ने हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि, नीलकंठ अपनी साली की शादी की तैयारी करने गांव गए हुए थे। वहां अचानक पहुंचे माओवादियों ने कुल्हाड़ी और चाकू से वार कर बीजेपी नेता की जान ले ली। मामला जिले के आवापल्ली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, नीलकंठ कक्केम जिले के धुर नक्सल प्रभावित गांव पेंकरम गए थे। यहां वे अपनी साली की शादी की तैयारियां करवा रहे थे। इसी बीच रविवार की दोपहर करीब 5 से 7 की संख्या में माओवादी इनके घर पहुंच गए।
फिर परिवार वालों के सामने ही नीलकंठ की बेदम पिटाई की। जिसके बाद कुल्हाड़ी और चाकू से वारकर मार डाला। फिर सारे नक्सली जंगल की तरफ लौट गए। हालांकि, इस संबंध में अब तक अधिकारियों की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है।
30 सालों से थे राजनीति में सक्रिय
नीलकंठ कक्केम पिछले 30 सालों से राजनीति में सक्रिय थे। वे BJP के कद्दावर नेता थे। साथ ही करीब 15 सालों से उसूर मंडल अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वे पूर्व जनपद पंचायत सदस्य भी रह चुके थे। उस इलाके की पार्टी की बागडोर इन्हीं के हाथों में थी। इनकी हत्या से पार्टी को भी बड़ा नुकसान हुआ है।
20 दिन पहले बीजेपी जिलामंत्री की हुई थी मौत
भाजपा नेता और पूर्व सरपंच बुधराम करटाम की मौत सड़क हादसे में हुई थी। बीते 16 जनवरी को उनका शव घर से कुछ दूर मिला था। इसके बाद हादसा या हत्या इसे लेकर संशय बना हुआ था। अब पुलिस की जांच पूरी हो गई। एसआईटी का भी गठन किया गया था। पुलिस अफसरों का कहना है कि पूर्व सरपंच की मौत सड़क हादसे में हुई थी। भाजपा नेता को सुबह टहलने के दौरान छोटा हाथी नाम की गाड़ी ने टक्कर मार दी थी जिससे उनकी मौत हो गई थी।