अंबिकापुर में होगी राहुल की आमसभा, गांवों में रूकेंगे राहुल

Chhattisgarh Crimes

सरगुजा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारी को लेकर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट शनिवार को सरगुजा पहुंचे। उन्होंने अंबिकापुर में संभाग के पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों व कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक ली। राजेश पायलट ने बताया कि राहुल गांधी की यात्रा 08 फरवरी को छत्तीसगढ़़ में रायगढ़ से प्रवेश करेगी। 13 फरवरी को अंबिकापुर में विशाल आमसभा होगी। देश में माहौल विपरीत हुआ है। इस यात्रा का उद्देश्य वंचित वर्ग के साथ न्याय के लिए खड़ा होना है।

सचिन पायलट रायगढ़ से राहुल गांधी की प्रस्तावित भारत जोड़ो न्याय यात्रा के रूट से होते हुए अंबिकापुर पहुंचे। सरगुजा संभाग के तारा,उदयपुर, लखनपुर, अंबिकापुर में कांग्रेस नेताओं व यूथ कांग्रेस ने सचिन पायलट एवं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज का स्वागत किया। अंबिकापुर पहुंचकर सचिन पायलट ने कांग्रेस के नेताओं की बैठक ली एवं न्याय यात्रा की तैयारियों एवं आमसभा को लेकर चर्चा की। न्याय यात्रा से अधिक से अधिक लोग सीधे जुड़ सकें, इसके लिए सभी को जिम्मेदारी से काम करने कहा गया।

अभी तक न्याय यात्रा का जो रूट तय हुआ है, उसमें पांच दिन न्याय यात्रा छत्तीसगढ़़ में रहेगी। दो दिनों तक हॉल्ट होगा, जिसमें राहुल दिल्ली एआईसीसी की बैठक में शामिल होने जाएंगे। सरगुजा संभाग के शिवनगर एवं झिंगो में राहुल की न्याय यात्रा का नाइट हाल्ट होगा। दोनों एनएच पर बसे छोटे गांव हैं। अंबिकापुर में महामाया मंदिर से कलाकेंद्र तक राहुल पैदल चलेंगे और कलाकेंद्र मैदान पहुंचकर आमसभा को संबोधित करेंगे।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग विपक्ष के लोगों को बदनाम करने के लिए किया जा रहा है। न्याय यात्रा के छत्तीसगढ़ के संयोजक व पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के घर आईटी के छापे को लेकर सचिन पायलट ने कहा कि बिना किसी तथ्य के विपक्षियों पर छापे मारे जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में सरकार अपने वादे पूरे नहीं कर रही है। यह लोगों का ध्यान भटकाने व बदनाम करने की साजिश है।

Exit mobile version