छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में खबरों के नाम पर ब्लैकमेलिंग और कथित वसूली करने वाले सिंडिकेट के मामले में पुलिस ने कमल प्रसाद चौबे को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में खबरों के नाम पर ब्लैकमेलिंग और कथित वसूली करने वाले सिंडिकेट के मामले में पुलिस ने कमल प्रसाद चौबे को गिरफ्तार किया है। वह दीपक टंडन का साला है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में सिंडिकेट के कथित बॉस के रूप में एक सीनियर IPS अफसर का नाम सामने आया है। आरोप है कि इस अफसर के माध्यम से ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर भी अवैध वसूली की जा रही थी। हालांकि, पुलिस ने अभी अफसर का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।

रायपुर में ‘द हनी बैजर न्यूज’ पोर्टल की आड़ में चल रहे इस कथित सिंडिकेट की जांच में अब पुलिस विभाग से जुड़े लोगों की भूमिका भी सामने आ रही है। पुलिस आरोपियों के संपर्कों, आर्थिक लेनदेन और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जांच में संगठित अपराध का खुलासा होता है तो इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। जीजा के बाद साला गिरफ्तार, पूछताछ में बॉस का नाम आया सामने

बताया जा रहा है कि दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद उसके साले कमल प्रसाद चौबे ने पूछताछ में सिंडिकेट से जुड़े अपने कथित बॉस का नाम बताया है। यह नाम पुलिस विभाग के एक सीनियर IPS अफसर का बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि दीपक टंडन इस पूरे नेटवर्क में एक मोहरे की तरह काम कर रहा था। उसके पीछे कुछ प्रभावशाली लोगों का नेटवर्क सक्रिय था। ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर कथित वसूली में भी इस नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है।

हालांकि, पुलिस ने अभी तक संबंधित अफसर का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक सबूतों और आरोपियों से मिली जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वेलकम श्री होटल से कमल का कनेक्शन, गतिविधियों की जांच

इस मामले में कमल चौबे का वेलकम श्री होटल से जुड़ाव भी जांच के दायरे में है। बताया जा रहा है कि वह होटल की देखरेख करता था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि होटल में उसकी वास्तविक जिम्मेदारी क्या थी और वहां किन लोगों का आना-जाना था।

एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि दीपक टंडन से पूछताछ में उसके साले कमल प्रसाद चौबे का नाम सामने आया था। कमल हनी बैजर न्यूज का संपादक था। इसी आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।

 

Exit mobile version