जब बच्चों ने उन्हें बातचीत करने से मना कर दिया तो आरोप है कि, महिलाओं ने हिंदू देवी देवताओं को अपमानित करना चालू कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने तीनों महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पीड़ित बोला- हमारा पीछा कर रही थी महिलाएं
इस मामले में सप्रे स्कूल में पढ़ने वाले छात्र ने बताया कि, शनिवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद 9वीं-10वीं कक्षा के तीन-चार दोस्त बाहर निकले। तभी तीन महिलाएं ऑटो से उतरकर उनके पास आ गई। महिलाओं ने कहा कि वह ईसाई धर्म को मानते हैं, तुम लोग चर्च जाते हो की नहीं।
जब बच्चों ने कहा कि वह चर्च नहीं जाते हिंदू धर्म से हैं। तब महिलाओं ने उन्हें ईसाई धर्म में जुड़ने की बात कही। बच्चों ने जब मना किया तो महिलाएं उनका पीछा करने लगी। पीड़ित के मुताबिक, महिलाओं का नाम ममता चौहान, नम्रता चौहान और विभा मसीह है।
हिंदू देवी देवताओं के अपमान का आरोप
पीड़ित ने आगे बताया कि, महिलाओं ने कहा कि जो लोग चर्च जाते वो पढ़ाई में होशियार होते हैं। हिंदू धर्म मानने वाले लोग बीमार और परेशान रहते हैं। साथ ही ईसाई धर्म को जो अपनाता है उसकी आर्थिक रूप से मदद करते हैं। ऐसा कहते हुए वह लालच देने लगे। बच्चों का कहना है कि उन्हें अपने देवी देवताओं को छोटा बताने से अपमानित महसूस हुआ।
हिंदू संगठन के लोग थाने पहुंचे
इस मामले में बच्चों ने अपने परिवार के लोगों को बात बताई। इसके बाद बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता पुलिस थाने पहुंच गए। इस मामले में बजरंग दल के कार्यकर्ता पंकज ने बताया कि उन्होंने महिलाओं को रोकने की कोशिश की लेकिन वह बहसबाजी करने लगी। इसके बाद महिला पुलिस की मदद से महिलाओं को थाने लाया गया। फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है।