फिर बन रहा विक्षोभ, तीन मार्च को हो सकती है हल्की बारिश

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। राजधानी समेत प्रदेश भर में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। सोमवार को मौसम साफ रहेगा और न्यूनतम व अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। प्रदेश में उत्तरी और दक्षिणी हवा का संगम स्थल होने के कारण प्रदेश के सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग में वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। सोमवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में एक से दो डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट होने की संभावना है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। एक पश्चिमी विक्षोभ 28 फरवरी को आ रहा है, जिसके कारण प्रदेश में तीन मार्च को हल्की बारिश संभव है।

रविवार को भी मौसम के पूर्वानुमान के आधार पर एक या दो स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में प्रदेश के रायपुर संभाग में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज हुई है, वहीं सरगुजा संभाग में कम और शेष अन्य संभागों में विशेष परिवर्तन नहीं हुए हैं। न्यूनतम तापमान में प्रदेश के बिलासपुर और सरगुजा संभाग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। बस्तर संभाग में उल्लेखनीय गिरावट और अन्य संभागों में विशेष परिवर्तन नहीं हुए हैं।

प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में सामान्य से अधिक और दुर्ग में सामान्य से कम तथा अन्य संभागों में तापमान सामान्य रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस बलरामपुर में दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान जगदलपुर और दुर्ग में 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।

सोमवार को ऐसा रहेगा मौसम

रायपुर में आसमान साफ रहेगा और शहर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 डिग्री सेल्सियस और 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

Exit mobile version